केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह एक दिन के दौरे पर रविवार को मध्य प्रदेश आ रहे हैं। इस दौरान वो इंदौर में बीजेपी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और अन्य कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इंदौर में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को बीजेपी अंतिम रूप दे रही है।
दोपहर डेढ़ बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे शाह
भाजपा की ओर से जारी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दोपहर डेढ़ बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे दोपहर दो बजे जानापाव में भगवान परशुराम की जन्मस्थली में दर्शन एवं पूजन करेंगे। दोपहर तीन बजे मां कनक देवी मंदिर, आईटीआई के पास आयोजित बूथ कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे, शाम पांच बजे होटल मैरियट में बैठक को संबोधित करेंगे और रात्रि सवा आठ बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे दिल्ली रवाना होंगे।
पार्टी नेताओं के साथ कर चुके हैं लम्बी बैठक
अमित शाह का पूर्व में जो कार्यक्रम तय हुआ था उसके मुताबिक उन्हें पहले भोपाल और फिर इंदौर जाना था मगर शुक्रवार की रात को अचानक कार्यक्रम में बदलाव किया गया। अब वे सीधे इंदौर जा रहे है। केंद्रीय गृहमत्री शाह का इस माह राज्य का यह तीसरा दौरा है, इससे पहले वे दो बार भोपाल के प्रवास पर आ चुके है और लंबी बैठकें पार्टी नेताओं के साथ कर चुके है। राज्य में इसी साल विधानसभा के चुनाव होने वाले है और केंद्रीय नेतृत्व का राज्य की पार्टी की गतिविधियों पर नियंत्रण बढ़ रहा है।


Download Android App
Download iOS App



