होमस्टे से मिलेगा युवाओं को रोजगार

Summary :

सतपाल महाराज ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों से पलायन रोकने और युवाओं को रोजगार मुहैया कराने सी दिशा में होमस्टे योजना काफी कारगर साबित होगी।

कोटद्वार : प्रदेश के सिंचाई लघु सिंचाई पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों से पलायन रोकने और युवाओं को रोजगार मुहैया कराने सी दिशा में होमस्टे योजना काफी कारगर साबित होगी। इस मुहिम में सरकार जुटी हुई है। काबीना मंत्री ने सनराइज फाल ‘दीवा का डंडा’ में शीघ्र ही रोपवे का निर्माण किए जाने की बात कही।

विकासखंड पोखड़ा के राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित पोखड़ा विकास मेले में काबीना मंत्री सतपाल महाराज बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि पलायन रोकने के लिए टूरिस्ट डेस्टिनेशन बेहतर विकल्प होगा। कहा कि पहाड़ के दूरस्थ क्षेत्रों के पौराणिक मान्यता के स्थलों को भी पर्यटन से जोड़ने की रणनीति बनाई जा रही है।

उन्होंने साहसिक पर्यटन रोपवे, झील जैसी योजनाओं का निर्माण कार्य जल्दी शुरू किए जाने की बात भी कही। कहा कि सतपुली व खैरासैंण मैं जल्दी झील के निर्माण का कार्य भी शुरू कराया जाएगा। दिवा का डंडा के रोपवे का निर्माण कार्य किए जाने को लेकर सर्वे किया जा रहा है। इसके अलावा रुद्रप्रयाग मैं कार्तिकेय स्वामी मंदिर, केदारनाथ व पौड़ी जनपद के नीलकंठ मंदिर स्थलों में आने वाले समय में रोप वे का निर्माण किया जाएगा। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम ने लोगों का मन मोह लिया।

विभिन्न विभागों के स्टॉल के माध्यम से सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी दी गई। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि डॉ. जयप्रकाश सेमवाल, मेला समिति के अध्यक्ष धनेश्वर धस्माना, संयोजक राजपाल रावत, सांसद प्रतिनिधि पुष्कर जोशी, एसडीएम सदर एसएस राणा, देवेंद्र भट्ट, बीरबल बिष्ट, नीरज, सुमन लता ध्यानी आदि मौजूद रहे।

– विवेक बनियाल

Desk Team