मध्य प्रदेश के जबलपुर से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां पैसे के विवादों को लेकर एक नाबालिग के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार किया गया। आरोपियों ने 17 साल के लड़के को जबरन शराब पिलाई और जूते चाटने के लिए मजबूर किया। इस अमानवीय घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
2,000 रुपये को लेकर शुरू हुआ विवाद मानवता को रौंदता चला गया। दरअसल, चार आरोपी पीड़ित को नयागांव इलाके के एक मैदान में ले गए, जहां उनमें से एक ने पीड़ित को कई बार थप्पड़ मारे, जबकि दूसरे ने उसे सिगरेट पिलाने की कोशिश की और सभी ने उससे अपने जूते साफ करने और चाटने के लिए मजबूर किया।
थाना प्रभारी सहदेव साहू ने बताया कि विवाद दो हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुआ। पीड़ित लड़का जब गुरुवार रात को घर नहीं आया तो घरवालों ने उसके लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई। जिसके बाद लड़के की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ गया।
पुलिस ने अब तक चार आरोपियों में से एक को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान 20 वर्षीय दीपक पासी के रूप में की गई है। उन पर अपहरण और हमले का आरोप लगाया गया है। बाकी आरोपी फरार चल रहे है, जिनकी तलाश जारी है।


Download Android App
Download iOS App



