देहरादून : बुटीक संचालिका की हत्या कर पति को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस की शक की सुई अशोक के ही इर्द गिर्द घूम रही है। फिलहाल, उसके आइसीयू में होने की वजह से पुलिस उससे पूछताछ नहीं कर पा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने अशोक की सीडीआर भी मंगा ली है। कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। माना तो यह भी जा रहा है कि कहीं अशोक ने रिंकू को यूज तो नहीं किया।
हालांकि रिंकू के अभी तक सामने न आने के कारण कई सवालों के जवाब पुलिस नही तलाश सकी है। बता दें कि शुक्रवार को माता मंदिर रोड पर बुटीक संचालिका कामना की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी और उसके पति अशोक को भी गोली मारी गई थी, मगर अशोक जिंदा बच गया। मामले में रिंकू के खिलाफ नेहरू कालोनी में हत्या का मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, परिजनों और आसपास के लोगों से अब तक सामने आई बातों से पता चला है कि कामना काफी महत्वाकांक्षी और मेहनती थी। वह घर की चहारदीवारी में कैद होने के बजाय अपने दम पर पहचान बनाना चाहती थी। शादी के बाद उसने किटी का कारोबार किया, लेकिन इसमें घाटा होने के बाद उसने घर में बुटीक शुरू कर दिया तो माली हालत भी सुधरने लगी। उधर, अशोक अपने ट्रांसपोर्ट के काम में मशगूल हो गया। सूत्रों से पता चला है कि इधर कुछ महीने से अशोक की किसी महिला से नजदीकी बढ़े लगी थी।
इसका पता कामना को चला तो घर में आए दिन झगड़े होने लगे। दोनों में किस कदर तक मनमुटाव था, इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जब अशोक ने फोन कर अपने साले अमन को बताया कि उसे और कामना को रिंकू ने गोली मार दी है। इस पर जब अमन माता मंदिर रोड स्थित बुटीक पर आया तो जीजा को तड़पता छोड़ बहन को अस्पताल लेकर चला गया। बाद में पहुंची पुलिस ने अशोक को महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस भी इसके आधार पर मान रही है कि कामना और अशोक के बीच कुछ तो ऐसा था, जो परिवार और रिश्तेदारों को पसंद नहीं था।
अवैध संबंध और लेनदेन के विवाद भी हो सकती है वजह : कामना हत्याकांड में पुलिस अवैध संबंधों से लेकर लेनदेन के विवाद और उन तमाम पहलुओं को केंद्र में रखकर जांच कर रही है, जो कामना और अशोक की जिंदगी से जुड़े हो सकते हैं। साथ ही परिवार और रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर दोनों के संबंधों के बारे में पता लगा रही है।
सूत्रों की मानें तो अशोक की कोई महिला मित्र थी, जिसे लेकर घर में आए दिन झगड़े होते रहते थे। हालांकि घटना से इसका कोई सरोकार है या नहीं, पुलिस अभी इस पर जांच का हवाला देकर चुप्पी साधे है।


Download Android App
Download iOS App



