पूर्व प्रधानमंत्री और जेडीएस प्रमुख एचडी देवगौड़ा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हार के लिए उनकी पार्टी के साथ गठबंधन को जिम्मेदार ठहराने की कांग्रेस नेताओं की टिप्पणी से उन्हें ‘दुख’ पहुंचा है। देवगौड़ा ने कहा, “मुझे दुख हुआ जब एक बैठक में उनके (कांग्रेस के) राष्ट्रीय महासचिव की मौजूदगी में किसी ने (कांग्रस नेता ने) कहा कि पार्टी जेडीएस के साथ गठजोड़ की वजह से मुश्किल में थी।”
देवगौड़ा ने कहा कि मई 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में त्रिशंकु नतीजे आने के बाद कांग्रेस नेता ही इस इच्छा के साथ उनके पास आए थे कि एचडी कुमारस्वामी गठबंधन सरकार की अगुवाई करें। उन्होंने कहा, “हमने कभी नहीं कहा कि कुमारस्वामी को मुख्यमंत्री बनना चाहिए।”

देवगौड़ा ने शुक्रवार को कहा, “ईमानदारी से कहूं तो क्या 37 सीटों के आधार पर (मुख्यमंत्री पद) के लिए कहना धर्म है? वे (कांग्रेस नेता) दिल्ली के आला कमान के आदेश पर आए थे और कहा था कि कुमारस्वामी को मुख्यमंत्री बनना चाहिए।”
पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री पद के लिए मलिक्कार्जुन खड़गे, मौजूदा उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर या वरिष्ठ कांग्रेस नेता के एच मुनियप्पा का नाम सुझाया था।


Download Android App
Download iOS App



