आंध्र प्रदेश में कोविड-19 से संक्रमितों का आकंड़ा 417 तक पहुंचा, अबतक 6 लोगो की मौत

Summary :

आंध्र प्रदेश में कोविड-19 से संक्रमितों का आकंड़ा 417 तक पहुंच गया है। इनमें से 12 नये मामलों की पुष्टि शनिवार की रात को हुई।

चीन के वुहान से शुरू हुआ कोरोना वायरस का प्रकोप देश भर में जारी है। इस घातक बीमारी से दुनिया में 1 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। आंध्र प्रदेश में कोविड-19 से संक्रमितों का आकंड़ा 417 तक पहुंच गया है। इनमें से 12 नये मामलों की पुष्टि शनिवार की रात को हुई।
इस बीच, राज्य कमान नियंत्रण केंद्र ने दैनिक आधार पर बुलेटिन नहीं जारी की है और न ही आंकड़ों को अद्यतन किया है। हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यालय ने उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी को उद्धृत करते हुए संक्रमितों की संख्या बढ़ने की जानकारी दी। आंध्र प्रदेश में अब तक 11 कोरोना वायरस संक्रमितों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई है जबकि छह मरीजों की मौत हुई है।

कमलनाथ ने केंद्र पर लगाया कोरोना महामारी को गंभीरता से न लेने का आरोप

इस प्रकार राज्य में इस समय 400 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक आंध्र प्रदेश में 12 मार्च को सामने आए पहले मामले के बाद दिल्ली के निजामुद्दीन में शामिल होकर राज्य में लौटे तबलीगी जमात के 199 सदस्यों और उनके संपर्क में आए 161 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
वहीं विदेश से आए 13 लोगों में कोरोना वायरस का संक्रमण होने की पुष्टि हुई है जबकि उनके संपर्क में आए 12 लोगों में भी कोविड-19 होने की पुष्टि हुई है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के मुताबिक 32 लोग अन्य कारणों से संक्रमित हुए है ।

Desk Team