कोरोना वायरस (कोविड-19) के मद्देनजर देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान गरीबों तक भोजन की आपूर्ति के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश में संचालित सामुदायिक रसोईघरों में भोजन की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने लॉकडाउन के दौरान हर गरीब तक भोजन पहुंचने के लिए प्रतिबद्धता जताई है।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को यहां एक बयान में कहा कि उन्होंने लोक निर्माण विभाग/ सेतु निगम तथा राजकीय निर्माण निगम के अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देश दिए हैं कि उनकी निगरानी में जनसहयोग से चलाये जा रहे सामुदायिक रसोईघरों में भी भोजन की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
साथ ही लॉकडाउन और सामाजिक मेल मिलाप से दूरी का भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा, ‘‘सामुदायिक रसोईघरों के संचालन में जिला प्रशासन से समन्वय जरूर बनाये रखा जाए और शासन प्रशासन के निर्देशो का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।’’ मौर्य ने बताया, ‘‘उनके विभाग तथा सम्बन्धित संस्थाओं के नेतृत्व में चलाये जा रहे सामुदायिक रसोईघरों में रविवार को 10,552 भोजन के पैकेट वितरित किए गए।’’


Download Android App
Download iOS App



