मुंबई के धारावी में कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत समेत चार नए मामले सोमवार को सामने आए। इन नए मामलों के सामने आने के साथ ही इस झुग्गी-बस्ती इलाके में संक्रमण के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 47 हो गई। बृहन्मुंबई महानगर पालिका के एक अधिकारी ने बताया कि धारावी में संक्रमण से मरने वालों की संख्या पांच हो गई है।
कोरोना वायरस संक्रमण के तीन नए मामले मदीना नगर, जनता को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी और गुलमोहर चॉल में सामने आए हैं। अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा 60 वर्षीय एक व्यक्ति की सियोन अस्पताल में मौत हुई उसके नमूनों की जांच के बाद उसके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि इन लोगों के संपर्क में आए लोगों का पता लगाया जा रहा है। एशिया के सबसे बड़े झुग्गी-बस्ती इलाके धारावी की 16 पॉकेट में कोरोना वायरस संक्रमण के 47 मामले सामने आए हैं।
देश में कोविड-19 के 9,152 संक्रमित मामलों की पुष्टि, 300 से अधिक लोगों की गई जान
बता दें कि कोरोना से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में अब तक लगभग 2,000 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 150 के करीब लोगों की मौत हो चुकी है। देश में कोरोना का कहर दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए केंद्र सरकार ने 21 दिनों का देशव्यापी लॉकडाउन लगा रखा है जिसका आज अंतिम दिन है। इस वायरस से निपटने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकारें तमाम हथकंडे अपना रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को भारत में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9,152 तक पहुंच गई है वहीं अब तक 308 लोगों की मौत हो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



