राकांपा ने महाराष्ट्र में सरकार गठन के वास्ते शिवसेना के साथ संभावित गठबंधन से पहले ‘साझा न्यूनतम कार्यक्रम’ पर फैसला लेने के लिए कांग्रेस के साथ बनाई जाने वाली संयुक्त समिति के लिए अपने पांच सदस्यों को बुधवार को नामित किया। राकांपा के विधायक दल के नेता अजीत पवार, उसकी महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख जयंत पाटिल, पार्टी के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल, मुंबई इकाई के अध्यक्ष नवाब मलिक और राज्य विधान परिषद में विपक्ष के नेता धनंजय मुंडे समिति का हिस्सा होंगे।
राकांपा के विधायकों की बुधवार को यहां वाई बी चह्वाण केंद्र में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। शरद पवार के नेतृत्व वाली पार्टी के एक नेता ने कहा, ‘‘राकांपा ने संयुक्त समिति का हिस्सा बनने वाले नेताओं को नामित किया है।
दिल्ली-NCR में सांस लेना हुआ दूभर, गंभीर श्रेणी में पहुंची हवा
कांग्रेस भी इस उद्देश्य के लिए अपने सदस्यों को नामित करेगी।’’ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने मंगलवार को यहां मुलाकात की थी जिसके बाद समिति गठित की जा रही है। उन्होंने शिवसेना के साथ गठबंधन की संभावना पर काम करने से पहले साझा न्यूनतम कार्यक्रम (सीएमपी) तय करने की जरूरत जतायी।
उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना ने भाजपा के साथ गठबंधन में 21 अक्टूबर को हुआ विधानसभा चुनाव लड़ा था लेकिन मुख्यमंत्री पद साझा करने की शिवसेना की मांग पर दोनों पार्टियां अलग हो गयी।
महाराष्ट्र में मंगलवार को राष्ट्रपति शासन लागू होने के साथ राकांपा और कांग्रेस इस पर बातचीत कर रही हैं कि क्या वह राज्य में वैकल्पिक सरकार बनाने के लिए शिवसेना के साथ गठबंधन कर सकती हैं। पिछले महीने हुए राज्य विधानसभा चुनावों में 288 सदस्यीय सदन में भाजपा ने 105 सीटें, शिवसेना ने 56, राकांपा ने 54 और कांग्रेस ने 44 सीटें जीती। इस बीच, शरद पवार ने यहां विधानसभा परिसर में महाराष्ट्र के दिवंगत मुख्यमंत्री वसंत पाटिल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर वरिष्ठ राकांपा नेता और पार्टी विधायक मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App



