ओडिशा के संबलपुर शहर में ताजा हिंसा के बीच जिला प्रशासन ने अनिश्चित काल के लिए कर्फ्यू लगा दिया है। इंटरनेट सेवा भी और दो दिनों के लिए निलंबित कर दी गई है। संबलपुर सदर के उपजिलाधिकारी प्रवेश चंद्र दंडसेना ने मौजूदा स्थिति की जानकारी के आधार पर शुक्रवार देर रात कर्फ्यू का आदेश जारी कर दिया।
कोई भी व्यक्ति या लोगों का समूह अपने घरों से बाहर न निकले
डीआईजी (उत्तर मध्य रेंज) बृजेश कुमार राय ने कहा कि शुक्रवार रात कुछ दुकानों में आग लगा दी गई और तोड़फोड़ की गई। इसलिए प्रशासन ने शहर में हिंसा के बाद क्षेत्र में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए कर्फ्यू लगाने का फैसला किया। आदेश में कहा गया है, शांति सुनिश्चित करने के लिए धारा 144 (1) सीआरपीसी के तहत कर्फ्यू की स्थिति घोषित की जाती है, जिसमें कोई भी व्यक्ति या लोगों का समूह अपने घरों से बाहर न निकले।
धनुपाली, खेतराजपुर, ऐंथापाली, बरेईपाली, सदरा तथा टाउन के छह थाना क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से और अगले आदेश तक कर्फ्यू लगा दिया गया है। कर्फ्यू की अवधि के दौरान किसी भी व्यक्ति या लोगों के समूह को अपने घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। हालांकि, जिला प्रशासन ने लोगों को सुबह आठ बजे से 10 बजे और दोपहर 3.30 बजे से शाम 5.30 बजे के दौरान आवश्यक वस्तुओं की खरीद करने की अनुमति दी है।
लोगों को जरूरी आवश्यकताओं के लिए दो बार छूट
उपजिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा, यह भी ध्यान दिया जाना चाहिए कि उपरोक्त आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। संबलपुर कलेक्टर अनन्या दास ने लोगों से कर्फ्यू का पालन करने और घर से बाहर न निकलने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को जरूरी आवश्यकताओं के लिए दो बार छूट दी गई है जिसके दौरान वे आ-जा सकते हैं।
कलेक्टर ने जनता से किसी भी अफवाह पर विश्वास न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर उनकी जानकारी में कुछ आता है तो वे स्थानीय पुलिस थाने को सूचित कर सकते हैं। कर्फ्यू अवधि के दौरान एम्बुलेंस और अग्निशमन सेवा जैसी आपातकालीन सेवाओं को आवाजाही की अनुमति है। स्वास्थ्य संबंधी सहायता के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 7655800760 जारी किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



