राजस्थान में गर्मी ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया है जहां बीते 24 घंटे में सर्वाधिक अधिकतम तापमान गंगानगर में 42.1 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 18-19 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ राज्य के ऊपर सक्रिय होने की संभावना है। उसके अनुसार पिछले 24 घंटों में सर्वाधिक अधिकतम तापमान गंगानगर में 42.1 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य में ज्यादातर स्थानों पर अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री से. के बीच बना हुआ है।
आगामी 48 घंटों में तापमान में और 1 से 2 डिग्री सेल्सियस वृद्धि की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 18-19 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ राज्य के ऊपर सक्रिय रह सकता है, फलस्वरूप 18 अप्रैल को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर संभाग एवं शेखावटी क्षेत्र में दोपहर बाद मेघगर्जन, 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से अचानक तेज हवाएं चलने एवं कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र आंधी भी चल सकती है।
विभाग के अनुसार 19 अप्रैल को विक्षोभ का सर्वाधिक असर रहने से जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर, जयपुर एवं भरतपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ अचानक तेज हवाएं तथा हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है। राज्य में 19 अप्रैल को अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने से गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।


Download Android App
Download iOS App



