फायर अलार्म की वजह से उड़ान के दौरान इंडिगो के पायलट ने की इमरजेंसी की घोषणा, चेन्नई में उतरा विमान

Summary :

इंडिगो की चेन्नई-कुवैत उड़ान के पायलटों ने विमान का फायर अलार्म बजने के बाद शुक्रवार को तड़के इमरजेंसी घोषित की और उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान को वापस चेन्नई हवाई अड्डे पर उतारना पड़ा।

इंडिगो की चेन्नई-कुवैत उड़ान के पायलटों ने विमान का फायर अलार्म बजने के बाद शुक्रवार को तड़के इमरजेंसी घोषित की और उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान को वापस चेन्नई हवाई अड्डे पर उतारना पड़ा। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, बाद में पाया गया कि अलार्म गलती से बज गया था। 
उन्होंने बताया कि 160 से ज्यादा यात्रियों को लेकर ए320नियो विमान ने देर रात करीब एक बजकर 20 मिनट पर उड़ान भरी थी। इस घटनाक्रम से अवगत एक सूत्र ने बताया कि उड़ान भरने के महज 15 मिनट बाद ही पायलट ने फायर अलार्म बजते देखा और तत्काल सभी हवाई यातायात नियंत्रकों को आपात कोड 7700 भेजा। 
सूत्र ने कहा कि बाद में यह पाया गया कि कार्गो कक्ष में खराब स्मोक डिटेक्टर्स की वजह से अलार्म बजा था। एयरलाइंस के एक प्रवक्ता ने कहा, “इंडिगो ए320 चेन्नई-कुवैत 6ई-1751 के तौर पर उड़ान पर था। चेन्नई से उड़ान भरने के बाद पायलट ने कार्गो कक्ष में स्मोक डिटेक्टर का संदेश देखा।”
प्रवक्ता ने कहा, “एहतियात के तौर पर पायलट विमान को चेन्नई लेकर लौट आया। आगमन के बाद इस बात की पुष्टि की गई कि यह संदेश गलत था। विमान को जल्द ही फिर संचालन में लगाया जाएगा। सभी यात्रियों के लिये वैकल्पिक इंतजाम किये गए हैं।”

Desk Team