भारत जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा पश्चिम बंगाल दो दिन के दौरे पर रहेंगे। नड्डा अपने दौरे के लिए बधुवार की रात कोलकाता पहुंच गए थे। अपने दिवसीय दौरे की शुरुआत बृहस्पतिवार को नादिया जिले से करेंगे। बता दें कि जे. पी. नड्डा का कार्यकाल 2024 में होने वाले लोकसभा को देखते हुए आगे बढ़ा दिया गया है।
भाजपा के राज्य महासचिव ने दौरे को लेकर क्या कहा?
भाजपा की राज्य इकाई के महासचिव जगन्नाथ चट्टोपाध्याय ने कहा, बृहस्पतिवार को पहले वह मायापुर में इस्कॉन मंदिर जाएंगे। इसके बाद वह बेथुयाडहरी में एक जनसभा को संबोधित करेंगे और फिर उत्तरी नादिया के नेताओं के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे और कृष्णानगर लोकसभा सीट पर पार्टी के प्रदर्शन का आकलन करेंगे।
आखिरकार क्यों पश्चिम बंगाल का दौरा खास माना जा रहा है?
भाजपा को 2019 के चुनाव में कृष्णानगर लोकसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने मात दी थी। नड्डा का दौरा देश भर के उन 144 लोकसभा क्षेत्रों में अपने संगठन को मजबूत करने के लिए केंद्रीय नेतृत्व के ‘प्रवास’ अभियान का हिस्सा है जहां पार्टी 2019 के चुनाव में मामूली अंतर से हार गई थी।
कितनी लोकसभा सीटों का करेंगे दौरा
अगले कुछ महीनों में, नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राज्य की 24 लोकसभा सीट का दौरा करेंगे और इस दौरान वे 12-12 रैलियों को संबोधित करेंगे। भाजपा ने 2019 लोकसभा चुनाव में राज्य में 42 में से 18 सीट पर जीत दर्ज की थी। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने मंगलवार को सर्वसम्मति से नड्डा के कार्यकाल को जून 2024 तक बढ़ाने को मंजूरी दी थी।
क्या नड्डा के दौरे का पश्चिम बंगाल पर पड़ेगा असर?
तृणमूल कांग्रेस ने हालांकि नड्डा के दौरे को अहमियत देने से इनकार कर दिया। तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा, हमने 2021 विधानसभा चुनाव से पहले देखा था कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने पश्चिम बंगाल में डेरा डाल दिया था, लेकिन पार्टी को फिर भी हार का ही सामना करना पड़ा।


Download Android App
Download iOS App



