Jamshedpur : चलती कार बनी आग का गोला, जिंदा जला युवक

Summary :

जमशेदपुर में कार में गैस सिलेंडर फटने से युवक की मौत

जमशेदपुर में रविवार सुबह एक चलती कार में घरेलू गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हुआ। कार आग का गोला बन गई और ड्राइविंग सीट पर बैठे व्यक्ति की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन के जरिए मालिक की पहचान की और फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया। हादसे की गहन जांच जारी है।

झारखंड के जमशेदपुर में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। कदमा थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव पर एक चलती कार में अचानक घरेलू गैस सिलेंडर फट गया। सिलेंडर फटने के बाद कार आग के गोले में तब्दील हो गई।

इस भीषण हादसे में कार की ड्राइविंग सीट पर मौजूद व्यक्ति की जलकर मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही कदमा थाना प्रभारी और डीएसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया, जहां पूरी तरह जली हुई कार और ड्राइविंग सीट पर एक व्यक्ति का जला हुआ शव मिला। शव इतनी बुरी तरह जल चुका था कि उसकी तत्काल पहचान करना असंभव था। कार की अगली सीट पर एक क्षतिग्रस्त गैस सिलेंडर भी पाया गया।

पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए मालिक का पता लगाया। जांच में पता चला कि कार ब्रिजिया हेरिटेज निवासी सुनील अग्रवाल की थी। पुलिस को जानकारी मिली कि सुनील अग्रवाल सुबह घर से गैस सिलेंडर लेकर निकले थे लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को मौके पर बुलाया गया।

पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 5:30 से 6 बजे सूचना मिली कि सड़क किनारे एक वाहन में आग लगने से हादसा हुआ। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पेट्रोलिंग टीम और अधिकारियों को मौके पर भेजा और खुद भी घटनास्थल पर पहुंचे। वहां एक जली हुई गाड़ी मिली, जिसमें ड्राइविंग सीट पर एक व्यक्ति का जला हुआ शव था, जिसकी पहचान संभव नहीं थी।

उन्होंने आगे कहा कि गाड़ी की आगे वाली सीट पर एक क्षतिग्रस्त गैस सिलेंडर भी दिखा। जांच के दौरान गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर से मालिक का पता लगाया गया। पता चला कि सुनील अग्रवाल नामक व्यक्ति सिलेंडर लेकर घर से निकले थे। एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया गया है और मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक तौर पर यह हादसा प्रतीत होता है।

पद्मश्री योग गुरु शिवानंद बाबा के निधन से दुखी, उनका जाना अपूरणीय क्षति : PM Modi

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.