अतिक्रमण पर गरजी जेसीबी

Summary :

राजपुर रोड में आखिरकार बड़े अतिक्रमणों पर प्रशासन का डंडा चल ही गया। जेसीबी से होटल, काम्पलेक्स से लेकर शोरूम के बड़े अवैध निर्माण ढहा दिए गए।

देहरादून : राजपुर रोड में आखिरकार बड़े अतिक्रमणों पर प्रशासन का डंडा चल ही गया। जेसीबी से होटल, काम्पलेक्स से लेकर शोरूम के बड़े अवैध निर्माण ढहा दिए गए। भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में चले अभियान में अतिक्रमणकारियों के बीच खलबली मची रही। ग्लोब चौक से लेकर दिलाराम बाजार चौक तक चले अभियान में  कई अवैध निर्माण तोड़े गए। 
सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक रूहेला, एसडीएम चकराता अपूर्वा सिंह, कोतवाल एसएस नेगी की अगुवाई में सिंचाई विभाग, लोनिवि, एनएच और नगर निगम की टीम ने सुबह 11 बजे से अभियान की शुरूआत की। ग्लोब चौक से  थोड़ा आगे मजार के पास एक निर्माणधीन चार मंजिला काम्पलेक्स का फर्श  तोड़ने के लिए चार जेसीबी लगायी गई। 
आधे घंटे तक जेसीबी अतिक्रमण तोड़ने में जुटी रही। आगे जाकर पूर्व माध्यमिक विद्यालय के अवैध निर्माण का नंबर  आया। इससे पहले अंदर का स्टाफ बाहर आ गया। एसडीएम चकराता अपूर्वा सिंह ने संबंधित लोगों से बातचीत कर जगह खाली करा दी। फिर जेसीबी को स्कूल के अंदर घुसाकर दीवार व अन्य निर्माण तोड़े गए। 
बगल में एक अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान का नहर की जमीन पर बनी दीवार को जेसीबी से ढहा दिया गया। साथ ही दुकान का गेट भी तोड़ दिया। हालांकि संबंधित लोगों ने अभियान रूकवाने की कोशिश की और कहा कि खुद तोड़ देंगे, लेकिन प्रशासन व  पुलिस ने किसी की नहीं सुनी और सभी अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए।
बगल में  राधा स्वामी सत्संग भवन की दीवार को भी जेसीबी से तोड़ दिया गया। इसके बाद  टीम ने बगल में एक और अवैध निर्माण तोड़ा। साथ ही पास ही निर्माणधीन  फ्लैट के आगे सिंचाई विभाग की जमीन पर बना एक कमरा व अन्य निर्माण जेसीबी  से तोड़े गए। टीम जेसीबी लेकर दिलाराम बाजार चौक की तरफ बढ़ी। यहां पर  दुकानों, शोरूम के आगे हुए अवैध निर्माण जेसीबी से तोड़े गए।

Desk Team