भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को झारखंड विधानसभा चुनावों के लिए तीन उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी जिसमें उसने जुगसलाई, जगन्नाथपुर एवं तमाड़ से उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने अपनी चैथी सूची में जुगसलाई सीट से मोतीराम बाउड़ी को मैदान में उतारा है जहां से राज्य के जलसंसाधन मंत्री और आजसू के विधायक रामचंद्र सहिस चुनाव मैदान में हैं।
ज्ञातव्य है कि दो दिनों पूर्व ही आजसू ने राज्य के भाजपा के कोटे के खेल एवं संस्कृति मंत्री अमर कुमार बाउड़ी के खिलाफ चंदनक्यारी से अपना उम्मीदवार उतार कर भाजपा को चुनौती दी थी जिसका जवाब आज भाजपा ने अपनी चौथी सूची से दिया। भाजपा ने जगन्नथपुर सीट से सुधीर सुंडी और तमाड़ से रीता देवी मुंडा को उम्मीदवार बनाया है।
सबरीमला मंदिर के कपाट खुले, पुलिस ने 10 महिलाओं को वापस भेजा
चौथी सूची के साथ भाजपा ने अब तक 81 विधानसभा सीटों में से 71 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम तय कर दिये हैं। आज भी वरिष्ठ नेता सरयू राय का नाम इस सूची में नदारद रहा। चौथी सूची में भी राज्य के वरिष्ठ भाजपा नेता और मंत्री सरयू राय का नाम नहीं शामिल किया गया है जिससे प्रतीत होता है कि सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने वाले राय को किनारा करने की कोशिशें अब भी जारी है।
वर्तमान में आजसू का भाजपा के साथ गठबंधन टूटता नजर आ रहा है क्योंकि दोनों पार्टियां अपने-अपने रुख पर अड़ी हुई हैं और दोनों ने ही एक-दूसरे के शीर्ष नेताओं के खिलाफ अपने उम्मीदवार खड़े कर दिये हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ओम माथुर ने दोहराया है कि भाजपा ने आजसू के लिए नौ सीटें छोड़ रखी हैं और अब उन्हें तय करना है कि वह इस समझौते के लिए तैयार हैं कि नहीं? 2014 के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने आजसू को समझौते के तहत आठ सीटें दी थीं जिसमें से उसने पांच सीटें जीती थीं। आजसू ने 19 उम्मीदवार पहले ही घोषित कर दिये हैं जिनमें 15 उम्मीदवार भाजपा के उम्मीदवारों खिलाफ हैं।


Download Android App
Download iOS App



