झारखंड हाई कोर्ट का एक कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया, जिसके बाद कोर्ट परिसर के कामकाज को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल के कार्यालय ने सोमवार को बताया कि कोर्ट के एक कर्मचारी के संक्रमित पाए जाने के कारण आज कोर्ट में किसी तरह का कोई काम नहीं हुआ।
सोमवार को पूरे परिसर को संक्रमणमुक्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गयी, जो मंगलवार तक जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि एक न्यायाधीश के होम गार्ड का नमूना जांच के लिए लिया गया था। जांच में उसके संक्रमित पाए जाने के बाद कोर्ट के सभी कार्य निलंबित कर दिए गए हैं।
इस दौरान कोर्ट में न्यायिक या गैर न्यायिक कार्य नहीं हुए। हालांकि वीडियो कांफ्रेंस के जरिए ही मामलों की सुनवाई की जा रही है, लेकिन कई जज कोर्ट के अपने कक्ष में बैठकर ही मामलों की सुनवाई करते हैं। ऐसे में कोविड-19 के खतरे को देखते हुए इसे भी निलंबित कर दिया गया और पूरे परिसर को संक्रमणमुक्त किया जा रहा है। इससे पूर्व कोर्ट ने कई याचिकाओं की सुनवाई लंबित होने की वजह से मंगलवार तक के लिए याचिका दाखिल करने पर रोक लगाई थी।


Download Android App
Download iOS App



