झारखंड में आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। रामगढ़ जिले के मुरबंदा लारी के पास एक बस एवं वैगन आर कार में भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बस और कार में भीषण आग लग गई। घटना में एक लड़के और दो महिलाओं समेत सभी पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गयी।
रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के अनुसार, सुबह लगभग 8:00 बजे एक वैगन आर कार की दूसरी तरफ से आ रही बस से रामगढ़ जिले के रजरप्पा पुलिस थाना क्षेत्र में गोला-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर मुरबंदा लारी के निकट आमने सामने की भीषण टक्कर हो गयी। बस कार के उपर चढ़ गयी। कार में सवार सभी पांच लोग वहीं बुरी तरह फंस गए।

थोड़ी ही देर बाद कार में आग लग गयी और एक लड़के एवं दो महिलाओं समेत सभी पांच लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गयी। दुर्घटना में मारे गये लोगों के शव इतनी बुरी तरह जल गये हैं कि उनकी पहचान मुश्किल हो गयी है। कुमार ने बताया कि सभी शवों को अंत्य परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वैगन आर के पूरी तरह जल जाने के कारण गाड़ी की पंजीकरण संख्या के अलावा अन्य विवरण नहीं मिल सका है। गाड़ी पटना के आलोक रौशन के नाम पंजीकृत है। मृतकों की पहचान एवं अन्य कार्रवाई के लिए पटना पुलिस से संपर्क किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



