झारखंड के नगर निगम विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का फेसबुक पेज हैक हो गया है, जिससे अश्लील और आपत्तिजनक पोस्ट शेयर किए गए। मंत्री और उनकी टीम ने तुरंत पेज को रिकवर करने की कोशिश शुरू की। साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज की गई है और पोस्ट हटाने की प्रक्रिया जारी है।
झारखंड सरकार के नगर निगम विकास मंत्री सुदिव्य कुमार का फेसबुक पेज हैक हो गया है। गुरुवार को उनके ऑफिशियल पेज से अश्लील और आपत्तिजनक पोस्ट शेयर किए गए। ये पोस्ट देखकर उनके समर्थक और आम जनता हैरान रह गई। जैसे ही मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और उनकी टीम को इस घटना की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत फेसबुक पेज को रिकवर करने की कोशिश शुरू कर दी।
अभी तक नहीं हटे पोस्ट
गुरुवार तक मंत्री के फेसबुक पेज कर किया गया अश्लील पोस्ट भी नहीं हटाया जा सका था। शुक्रवार को यानी आज पोस्ट हटाने की कोशिश जारी है। इस पर शाम सात बजे तक 130 से ज्यादा लोगों के कमेंट आए हैं। मंत्री के समर्थक सभी यूजर्स से पोस्ट को नजरअंदाज करने और इस संबंध में फेसबुक को रिपोर्ट करने का अनुरोध कर रहे हैं।
इसे लेकर रांची स्थित लालपुर साइबर थाने में लिखित शिकायत की गई है। मंत्री के फेसबुक पेज का ऑपरेशन संभालने वाले ओमप्रकाश रमण ने शिकायत में कहा कि इस पेज में सुदिव्य कुमार और गोपाल विश्वकर्मा को एडमिन का पावर था। अचानक सभी एडमिन का पावर खत्म कर दिया गया। साइबर पुलिस से इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।
पिछले महीने बनाया गया फर्जी फेसबुक अकाउंट
पिछले महीने भी साइबर अपराधियों ने झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता का फोटो इस्तेमाल कर फर्जी फेसबुक अकाउंट बना लिया। हैकर्स ने इसके जरिए आम लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थे। मामला तब सामने आया जब फर्जी अकाउंट में डीजीपी अनुराग गुप्ता के नाम की स्पेलिंग गलत होने पर कुछ लोगों ने पुलिस को शिकायत की।


Download Android App
Download iOS App




