झारखंड के निलंबित कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी नकदी बरामदगी मामले में सोमवार को रांची में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुए। एक अधिकारी ने कहा कि अंसारी यहां पूर्वाह्न करीब 11 बजे संघीय एजेंसी के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे। अंसारी पार्टी विधायक राजेश कच्छप और नमन बिक्सल के साथ जिस कार में जा रहे थे उससे नकदी बरामद होने के मामले में ईडी जांच कर रहा है।
मैं सरकार गिराने की किसी साजिश में शामिल नहीं हूं
पश्चिम बंगाल पुलिस ने पिछले साल जुलाई में हावड़ा जिले में उनके वाहन से 49 लाख रुपये नकद बरामद होने के बाद तीनों विधायकों को गिरफ्तार किया था। अंसारी ने ईडी कार्यालय में प्रवेश से पहले मीडियाकर्मियों से कहा, ‘‘ईडी कार्यालय से वापस आने के बाद ही मैं कुछ कह पाऊंगा। लेकिन एक चीज मैं कह सकता हूं कि जो आरोप मुझ पर लगाए गए हैं वे बेबुनियाद हैं। मैं सरकार गिराने की किसी साजिश में शामिल नहीं हूं।
कांग्रेस विधायक कुमार जयमंगल से नौ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी
इससे पूर्व ईडी ने 13 जनवरी को अंसारी को समन किया था लेकिन उन्होंने उसके समक्ष पेश होने के लिए दो हफ्ते का वक्त मांगा था। ईडी ने 24 दिसंबर को कांग्रेस विधायक कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह से मामले में नौ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी।
सिंह ने रांची के अरगोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी और आरोप लगाया था कि तीनों विधायकों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के नेतृत्व वाली राज्य सरकार को गिराने के लिए उन्हें 10 करोड़ रुपये देने और मंत्री पद देने की पेशकश की। सिंह ने दावा किया कि उन्हें मामले में आरोपी के रूप में नहीं बल्कि एक शिकायतकर्ता के रूप में समन किया गया था। ईडी मामले में धन शोधन के पहलू पर जांच कर रहा है।


Download Android App
Download iOS App



