प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के दो उग्रवादियों को झारखंड के रांची जिले से गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 10 लाख रुपये का इनामी एक क्षेत्रीय कमांडर भी शामिल है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उग्रवादियों की पहचान संगठन के क्षेत्रीय कमांडर-सह-प्रेस प्रवक्ता तिलकेश्वर गोप उर्फ राजेश गोप एवं संगठन के सक्रिय सदस्य सूरज गोप के रूप में की गई।
रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) किशोर कौशल ने कहा कि तिलकेश्वर झारखंड के पांच जिलों- रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला और चाईबासा में 68 मामलों में वांछित था। एसएसपी ने कहा कि उस पर 10 लाख रुपये का इनाम था।पुलिस द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस ने उग्रवादियों से एक राइफल, दो देसी बंदूकें, 10 कारतूस और 10 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
रांची के एसएसपी को 25 जनवरी को एक गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित संगठन के तीन-चार सदस्य राज्य की राजधानी से लगभग 25 किलोमीटर दूर अंगारा क्षेत्र के एक जंगल में अवैध हथियारों के साथ घूम रहे हैं। एसएसपी के निर्देश पर एक टीम गठित की गई। विज्ञप्ति में कहा गया है कि टीम ने चिन्हित स्थान पर छापा मारा और बुधवार रात प्रतिबंधित संगठन के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया। उनसे हथियार, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए जिनका इस्तेमाल जबरन वसूली के लिए किया जा रहा था।


Download Android App
Download iOS App



