भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले शक्ति प्रदर्शन करते हुए मंगलवार को बांकुड़ा जिले के विष्णुपुर में रोड शो किया, जहां 27 मार्च को पहले और एक अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होना है। नड्डा ने कुमारी टॉकीज सिनेमाघर से दोपहर करीब 2 बजकर 10 मिनट पर रोड शो शुरू किया। दो किलोमीटर का यह रोड शो विष्णुपुर बस स्टैंड पर खत्म हुआ।

इस दौरान उन्होंने कहा कि लोग भाजपा के नेतृत्व में परिवर्तन के लिए चल पड़े हैं। युवाओं को रोजगार, भय मुक्त बंगाल और तीव्र गति से आगे बढ़ने वाला बंगाल जहां नो कट मनी, नो टोलाबाजी, नो तुष्टिकरण सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास होगा। इस रोड शो में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के साथ एक सजी-धजी गाड़ी पर खड़े नड्डा ने हाथ हिलाकर पार्टी समर्थकों का अभिवादन किया ।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे लहराते हुए ”जय श्री राम”, ”नरेन्द्र मोदी जिंदाबाद” और ”जेपी नड्डा जिंदाबाद” जैसे नारे लगाए। रोडशो को देखने के लिये सड़क के दोनों ओर सैंकड़ों लोग जमा थे। नड्डा इसके बाद जिले में संगठन की एक बैठक और एक जनसभा को संबोधित करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



