जबलपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के स्थानीय नेता ऋषभ जैन (25) की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। उनकी लाश शुक्रवार शाम शहर के भेड़ाघाट थाना अन्तर्गत स्वर्णद्वारी के पास रेत में दबी मिली। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आर बी नरबरिया ने बताया, ‘‘ऋषभ जैन की लाश शुक्रवार शाम भेड़ाघाट थाना इलाके स्थित स्वर्णद्वारी के पास रेत में डेढ़ फुट नीचे दबी मिली। वह भेड़ाघाट में भाजयुमो के नगर महामंत्री थे।’’
उन्होंने कहा कि वह बृहस्पतिवार शाम को एक सगाई समारोह में जाने के लिए अपने घर से निकले थे। रात को घर वापस नहीं लौटने पर शुक्रवार की सुबह उनके परिजन ने लापता होने की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज करवाई थी। शुक्रवार शाम पांच बजे उनकी मोटरसाइकिल स्वर्णद्वारी के कच्चे मार्ग पर मिली। नरबरिया ने बताया कि पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही कर लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
उन्होंने कहा कि अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों का पता लगाने का प्रयास जारी है। अभी तक आरोपियों के संबंध में कोई सुराग नहीं मिल पाया था। ऋषभ की भेड़ाधाट के पंचवटी तट पर मार्बल मूर्ति की दुकान थी।


Download Android App
Download iOS App



