भाजपा नेता एवं राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए बुधवार को कहा कि उनकी (राहुल) सोच टिप्पणियों तक सीमित है, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के विकास और सुरक्षा वाली सोच रखते हैं।
गांधी द्वारा प्रधानमंत्री पर नोटबंदी कर अर्थव्यवस्था को तबाह करने के लगाये गये आरोप के बारे में प्रतिक्रिया करते हुए सिंधिया ने ग्वालियर में मीडिया से कहा कि महामारी के वक्त देश की जनता के बीच प्रधानमंत्री ने सुरक्षा का वातावरण बनाया है, अस्पतालों में मरीजों के लिए बिस्तर से लेकर प्लाज्मा एवं आधुनिक दवाईयों की उपलब्धता कराई है, जिससे लोगों की जान बच सके।
उन्होंने राहुल गांधी ने नाम लिए बगैर कहा, ‘‘एक तरफ (मोदी की) विकास और सुरक्षा वाली सोच है, वहीं दूसरी तरफ (राहुल की) यह केवल टिप्पणी करने तक सीमित रहने वाली सोच है।’’ सिंधिया ने कहा कि देश की जनता जागरुक है और सकारात्मक सोच के साथ जुड़ी हुई है और जुड़ी रहेगी।
मध्य प्रदेश के बालाघाट एवं मंडला जिलों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकानों से उपभोक्ताओं को खराब गुणवत्ता वाला चावल देने के बारे में सिंधिया ने कहा,‘‘ मीडिया ने जिम्मेदारी से कमियां उजागर कीं और हमारी जिम्मेदारी है कि सिस्टम को सही करके दोषिय़ों पर कार्रवाई करें। दोनों मिलकर लोकतंत्र को मजबूत कर रहे हैं।’’
कांग्रेस अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की 15 महीने सरकार रही। जब कमलनाथ मुख्यमंत्री थे, तब वह और कांग्रेस के दूसरे नेता ग्वालियर-चंबल अंचल में आए ही नहीं। सिंधिया ने कहा कि अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कोरोना वायरस और बाढ़ जैसी आपदाओं का सामना करते हुए काम कर रहे हैं। इसके बावजूद हर विधानसभा सीट पर 200 से 300 करोड़ रुपए के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App



