भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने रविवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल सरकार, सितंबर में जेईई और नीट परीक्षा कराने के केंद्र सरकार के निर्णय का विरोध कर “छात्रों के हित के खिलाफ काम कर रही है।” उन्होंने कहा कि कुछ दिन संपूर्ण लॉकडाउन लागू करने का राज्य सरकार का निर्णय राजनीतिक षड्यंत्र है।
उन्होंने कहा कि लॉकडाउन वापस लिया जाना चाहिए क्योंकि इससे छात्रों को दिक्कत हो सकती है। सिलीगुड़ी में विजयवर्गीय ने संवाददाताओं से कहा कि कई गैर-भाजपा शासित राज्यों की सरकारों ने अखिल भारतीय परीक्षाएं सुचारु रूप से आयोजित करवाने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए हैं क्योंकि वे छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं करना चाहते।
विजयवर्गीय ने कहा कि यदि छात्र परीक्षा में नहीं बैठेंगे तो उनका भविष्य खतरे में पड़ जाएगा। उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार पर कोविड-19 की स्थिति को ठीक तरीके से न संभालने का भी आरोप लगाया।


Download Android App
Download iOS App



