कमलनाथ ने चुनाव आयोग को लिखा पत्र, BJP पर लगाया खरीद-फरोख्‍त का आरोप

Summary :

कमलनाथ ने कहा, BJP को स्पष्ट लग रहा है कि इस चुनाव के क्या परिणाम आने वाले हैं। 10 नवंबर का इतना डर लग रहा है कि वे फिर से बाज़ार में चल पड़े हैं कि जो मिल जाए उसे खरीद लो।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने बीजेपी पर विधायकों की खरीद-फरोख्‍त का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग को पत्र लिखा है। उनका आरोप है कि बीजेपी कांग्रेस के विधायकों के फोन करके ऑफर दे रही है। कमलनाथ ने इस मामले में चुनाव आयोग से अलग-अलग चार शिकायतें की हैं।
कमलनाथ ने सोमवार को अपने बयान में कहा, BJP को स्पष्ट लग रहा है कि इस चुनाव के क्या परिणाम आने वाले हैं। 10 नवंबर का इतना डर लग रहा है कि वे फिर से बाज़ार में चल पड़े हैं कि जो मिल जाए उसे खरीद लो। मुझे कई विधायकों के फोन आए हैं कि BJP उनको फोन कर रही है और ऑफर दे रही है।

MP : आगामी उपचुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, राहुल सिंह लोधी BJP में हुए शामिल

उन्होंने कहा कि मार्च महीने में मैंने सौदेबाजी की राजनीति से इंकार कर दिया था, सौदेबाजी की राजनीति मैं भी कर सकता था। मैंने चुनाव आयोग को आज पत्र लिखा है कि ये चुनाव निष्पक्ष होना चाहिए। उन्होंने कहा, आज का मतदाता समझदार है। चुनाव तो प्रजातंत्र का उत्सव होता है, लेकिन यह तो सौदेबाजी का उत्सव हो गया है।
मध्य प्रदेश में तीन नवंबर को 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने है। चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका देते हुए दमोह विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक राहुल सिंह लोधी पार्टी छोड़ कर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये। इससे पहले उन्होंने शुक्रवार को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया, जो रविवार को मंजूर हो गया।

Desk Team