US की उप राष्ट्रपति बनी कमला हैरिस, मामा बालचंद्रन ने जताई खुशी, कहा-जल्द करूंगा मुलाकात

Summary :

दिल्ली निवासी कमला हैरिस के मामा गोपालन बालचंद्रन ने उनकी जीत पर खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि, इस समय खुशी जाहिर करने के लिए कोई शब्द नहीं हैं।

भारतीय मूल की  कमला हैरिस विश्व की सबसे बड़ी महाशक्ति अमेरिका की उप राष्ट्रपति चुनी गई हैं। इसके साथ ही वह अमेरिका की पहली अश्वेत उप राष्ट्रपति बनी हैं। वह देश की पहली भारतीय मूल की, पहली अश्वेत और पहली अफ्रीकी-अमेरिकी महिला उपराष्ट्रपति होंगी। इस जीत पर 56 वर्षीय हैरिस ने अपने समर्थकों को तहे दिल से धन्यवाद दिया। वहीं कमला हैरिस आज भी भारत में अपने रिश्तेदारों से जुड़ी हुई हैं। 
उप राष्ट्रपति हैरिस के मामा गोपालन बालचंद्रन ने उनकी जीत पर खुशी जाहिर की है। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि मैं जल्द ही उनसे मिलने भी जाऊंगा। उनकी जीत के बाद तमिलनाडु के तिरुवर जिले थुलासेद्रापुरम गांव में रंगोली बना कर खुशियां मनाई जा रही हैं। दिल्ली निवासी कमला हैरिस के मामा गोपालन बालचंद्रन ने उनकी जीत पर खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि, इस समय खुशी जाहिर करने के लिए कोई शब्द नहीं हैं। जब आपकी भांजी ने इस तरह का मुकाम हासिल किया हो तो खुशी होती है। मैं आज अपनी भांजी की जीत पर बेहद खुश हूं। 

अमेरिका के नए बिग-बॉस बाइडेन, जानिए उनका अब तक का सफर

उन्होंने बताया, मैं उनसे मुलाकात करने के लिए जनवरी महीने में जाऊंगा। मुझे उम्मीद है कि वो अब अपने देश के लिए भविष्य में एक अच्छा काम करेंगी। मेरी बहन आज जीवित होती तो बेहद खुश होती, क्योंकि कमला के जीवन पर उनका बड़ा असर रहा। उन्होंने कहा, मेरे लिए ये एक ऐतिहासिक पल है। कमला की जिंदगी दुनियाभर में लोगों को प्रेरित करेगी। हालांकि कमला हैरिस ने भी अपनी जीत के बाद अपनी माँ को याद किया। 
उन्होंने अपनी माँ को धन्यवाद दिया और खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, मेरी माँ जब भारत से आईं थी तो हो सकता है कि उन्होंने इस पल के बारे में न सोचा हो। गौरतलब है कि कमला हैरिस अमेरिका की पहले अश्वेत महिला उपराष्ट्रपति बनने जा रही हैं। कैलिफोर्निया की सीनेटर कमला दक्षिण एशियाई मूल की पहली अमेरिकी उपराष्ट्रपति भी होंगी। यह पहली बार है जब दक्षिण एशियाई मूल की कोई महिला अमेरिकी सरकार में इतने बड़े ओहदे पर काम करेगी। 

Desk Team