प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं और उनकी लंबी आयु की कामना करते हुए कहा कि पार्टी को जन-जन तक पहुंचाने में उनका बहुमूल्य योगदान रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने उनके आवास पर पहुंचे। मोदी ने इस दौरान उनके पैर छूकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। उन्होंने केक काटकर भी उन्हें खिलाया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान आवास के लॉन में आडवाणी और उनके परिवार के साथ बैठकर बातचीत की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा भी आवास पर पहुंचे। बेटी प्रतिभा आडवाणी केक लेकर आईं। जिसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने आडवाणी की केक काटने में मदद की। प्रधानमंत्री मोदी ने पहले आडवाणी को केक खिलाया और फिर आडवाणी ने उन्हें खिलाया।

इससे पूर्व प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर भी लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा, भाजपा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ देश के विकास में अहम भूमिका निभाने वाले श्रद्धेय लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। वे पार्टी के करोड़ों कार्यकतार्ओं के साथ ही देशवासियों के प्रत्यक्ष प्रेरणास्रोत हैं। मैं उनकी लंबी आयु और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करता हूं।

अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में गृहमंत्री और उपप्रधानमंत्री रहे लालकृष्ण आडवाणी भाजपा के संस्थापक सदस्य भी रहे हैं। पाकिस्तान के कराची में 8 नवंबर, 1927 को एक हिंदू-सिंधी परिवार में जन्मे आडवाणी का परिवार बंटवारे के समय भारत आया था।


Download Android App
Download iOS App



