कर्नाटक में विधानसभा उपचुनावों और विधान परिषद चुनाव के लिए डाक मतपत्र विकल्प की सुविधा उन लोगों के लिए भी उपलब्ध होगी जो कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये हैं या घरों में पृथक-वास में है। डाक मतपत्र की सुविधा दिव्यांग व्यक्तियों और बुजुर्गों के लिए है और अब यह कोविड-19 से संक्रमित लोगों के लिए भी होगी।
बेंगलुरु शहरी जिले में राजराजेश्वरी नगर और तुमकुरु जिले में सिरा में 11 नवम्बर को उपचुनाव होने जा रहे है जबकि चार विधान परिषद सीटों पर 28 अक्टूबर को चुनाव प्रस्तावित है। कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार निर्वाचन अधिकारी को निर्वाचन क्षेत्र में मतदान के लिए निर्धारित तिथि से पहले डाक मतपत्र देने और उक्त मतदाता से एकत्र करने की व्यवस्था करनी होगी।
आदेश में कहा गया है कि ऐसे मतदाताओं से डाकमत पत्र लेने के लिए आवेदन के साथ प्रमाण पत्र की एक प्रति या सक्षम स्वास्थ्य अधिकारियों के ऐसे निर्देशों के साथ होना चाहिए, जिसमें यह दर्ज हो कि मतदाता कोविड-19 के राज्य में अस्पताल में भर्ती है या राज्य में पृथक-वास में है।
चुनावों के मद्देनजर चुनाव आयोग ने मतदाताओं के लिए मास्क, सेनिटाइजर, थर्मल स्क्रीनिंग और सामाजिक दूरी बनाये रखना अनिवार्य कर दिया है। चुनाव अधिकारियों को ‘फेस शिल्ड’ और दस्ताने पहनने चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



