कर्नाटक विधानसभा चुनाव से ठीक पहले आज (सोमवार) दिल्ली में अहम बैठक है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई दो विधायकों के साथ बीजेपी के शीर्ष केंद्रीय नेताओं के साथ मुलाकात करेंगे। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह के साथ बैठक में सीएम बासवराज बोम्मई, संसदीय कार्यमंत्री प्रल्हाद जोशी शामिल होंगे। इस बैठक में मुख्यतौर पर कर्नाटक में सरकारी नौकरियों में रिजर्वेशन के मुद्दे पर राज्य सरकार के स्टैंड के बारे में चर्चा होगी।
इसके साथ ही कर्नाटक के वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी और आपसी तनाव के विषय को लेकर भी चर्चा हो सकती है। वहीं महाराष्ट्र के साथ सीमा विवाद को लेकर सूबे की राजनीति में बीजेपी की टाइट स्थिति को लेकर भी बातचीत हो सकती है।
पंचमसाली सब कास्ट को ओबीसी आरक्षण देने की मांग
दरअसल कर्नाटक में बीजेपी के सामने एक बड़ी चुनौती खड़ी ये है कि ठीक विधानसभा चुनाव से पहले वीरशैव लिंगायत समुदाय के पंचमसाली सब कास्ट को ओबीसी आरक्षण देने की मांग चरम पर है। बीजेपी समर्थक माने जाने वाले इस जाति के लोगों को आरक्षण देने में आरक्षण के अधिकतम सीमा से संबंधित संवैधानिक चुनौतियां भी आड़े आ रही है।
मंत्री पद पर वापसी के लिए दबाव
साथ ही कर्नाटक के 2 मजबूत नेता केएस इश्वरप्पा और रमेश जरकिहोली बेलगावी विधानसभा सत्र के दौरान अपनी नाराजगी दिखाते हुए सदन के कार्यवाही में शामिल नहीं हुए। ईश्वरप्पा पर चल रहे केस में क्लीनचिट मिलने के बाद कर्नाटक सरकार में फिर मंत्री पद पर वापसी के लिए दबाव बना रहे हैं।
ठेकेदार की मौत के मामले में इस्तीफा
बता दें कि ईश्वरप्पा को 5 महीने पहले एक ठेकेदार की मौत के मामले में नाम उछलने के बाद इस्तीफा देना पड़ा था। फिलहाल कर्नाटक के मुख्यमंत्री वासवराज बोम्मई कर्नाटक के बेलगावी से सोमवार शाम को दिल्ली पहुंचेंगे। फिलहाल बेलगावी में कर्नाटक विधानसभा का शीतकालीन सत्र चल रहा है।


Download Android App
Download iOS App



