कर्नाटक कांग्रेस विधायक श्रीमंत पाटिल विधानसभा सत्र में चल रहे विश्वास मत प्रस्ताव में शामिल नहीं हुए। उन्हें मुंबई के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पार्टी के एक सूत्र ने गुरुवार को यह जानकारी दी। यहां एक पार्टी सूत्र ने कहा, ‘पाटिल ने बुधवार को सीने में दर्द व सांस लेने में शिकायत के बाद मुंबई के लिए उड़ान भरी और उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।’
पाटिल राज्य के उत्तरपश्चिमी बेलगाम जिले के कागवाड विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वह शहर के बाहरी इलाके में देवनहल्ली के पास एक रिजॉर्ट में पार्टी के अन्य विधायकों के साथ ठहरे हुए थे। सूत्र ने नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर कहा, ‘हमें सुबह रिजॉर्ट से उनके गैरहाजिर होने की बात पता चली और पता करने पर सामने आया है कि वह इलाज के लिए मुंबई गए हैं।’
पाटिल के सत्र से गैरहाजिर होने के बाद सत्तारूढ़ सहयोगी की विधानसभा में संख्या 66 रह गई है। इसमें विधानसभा अध्यक्ष व वरिष्ठ बागी विधायक आर.रामलिंगा रेड्डी शामिल हैं। कांग्रेस के 12 बागी विधायकों व जद (सेक्युलर) के तीन विधायकों के गैर हाजिर होने से सदन में सत्तारूढ़ गठबंधन की संख्या 101 है। इसमें बहुजन समाज पार्टी का एक विधायक शामिल है। इस तरह से सदन की कुल संख्या 225 से घटकर 210 हो गई है। इस तरह से बहुमत के लिए 106 सदस्यों की जरूरत होगी।


Download Android App
Download iOS App



