कांग्रेस नेता राहुल गांधी का कोलार में 10 अप्रैल को होने वाला कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है और अब यह 16 अप्रैल को होगा। कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने शनिवार को यह जानकारी दी। शिवकुमार ने यहां पत्रकारों से कहा कि गांधी की 10 अप्रैल को उसी स्थान से लोगों को संबोधित करने की योजना थी जहां 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान दिए भाषण के कारण अदालत द्वारा आपराधिक मानहानि का दोषी ठहराए जाने के बाद उन्हें संसद के निचले सदन से अयोग्य घोषित कर दिया गया है। हालांकि, विधानसभा चुनाव संबंधी काम और उम्मीदवारों के चयन के कारण पार्टी नेताओं ने उनसे इस कार्यक्रम को एक सप्ताह के लिए टालने का अनुरोध किया।
शिवकुमार ने कहा, ‘‘हमने राहुल गांधी से जनसभा एक सप्ताह तक टालने का अनुरोध किया था और उन्होंने अपनी सहमति दे दी। गांधी और सभी नेता कोलार में ‘जय भारत’ कार्यक्रम के लिए 16 अप्रैल को आएंगे।’’ उन्होंने कहा कि लोकसभा सदस्यता से अयोग्यता के बाद कोलार में गांधी की यह पहली जनसभा होगी। उन्होंने कहा कि गांधी की लोकसभा सदस्यता से अयोग्यता लोकतंत्र का अपमान है। शिवकुमार ने कहा, ‘‘सात लाख से अधिक मत हासिल कर जीत दर्ज करने वाले राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करना पूरे लोकतंत्र का अपमान है।’’
कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार, पहले गांधी का कार्यक्रम पांच अप्रैल को आयोजित करने की योजना थी जिसे बदलकर छह अप्रैल कर दिया गया था। फिर इसे नौ अप्रैल को करने की योजना बनायी गयी लेकिन उस दिन मैसूरु में प्रधानमंत्री का ‘प्रोजेक्ट टाइगर’ कार्यक्रम है। एक बार फिर इसे 10 अप्रैल को आयोजित करने की योजना बनायी और अब फिर से इसे 16 अप्रैल तक के लिए टाल दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



