जनता दल (सेक्युलर) के नेता एचडी कुमारस्वामी ने सोमवार को कहा कि 10 मई को होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव के मद्देनजर वह एक उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन 19 अप्रैल को चन्नापटना विधानसभा क्षेत्र से दाखिल करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके बेटे निखिल कुमारस्वामी पार्टी उम्मीदवार के रूप में रामनगर विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र 17 अप्रैल को दाखिल करेंगे।
मौजूदा विधानसभा में कुमारस्वामी चन्नापटना विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं जबकि रामनगर का प्रतिनिधित्व उनकी पत्नी और निखिल की मां अनिता कुमारस्वामी करती हैं। अभिनेता से राजनेता बने निखिल जद (एस) की युवा शाखा के अध्यक्ष है और वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें पार्टी के गढ़ मांड्या में भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सुमलता अंबरीश से हार का सामना करना पड़ा था। सुमलता भी अभिनय जगत से राजनीति में आयी हैं।
जद (एस) ने अपने 93 उम्मीदवारों की सूची पिछले साल दिसंबर में ही जारी कर दी थी। कुमारस्वामी ने कहा कि वह और जद (एस) के प्रदेश अध्यक्ष सी एम इब्राहिम सोमवार की शाम बैठक करेंगे और संभव हुआ तो उम्मीदवारों की दूसरी सूची भी जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘40-50 विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवारों की सूची तैयार है और इसे मंजूरी दी जाएगी। उम्मीदवारों की तीसरी सूची आगामी चार-पांच दिनों में जारी हो सकती है।’’


Download Android App
Download iOS App



