कोरोना की चपेट में एक के बाद एक नेता आ रहे हैं। कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री बी श्रीरामुलु ने रविवार को कहा कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं और एक अस्पताल में उपचार करा रहे हैं। श्रीरामुलु ने रविवार को ट्वीट किया, ‘‘बुखार आने के बाद मैंने जांच करायी तो कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई।’’
उन्हें उपचार के लिए शहर में सरकारी बोरिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंत्री ने कहा कि वह ठीक होने के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं ताकि जल्द से जल्द फिर से जनता की सेवा शुरू कर सकें। कर्नाटक में श्रीरामुलु समेत पांच मंत्री अब तक संक्रमित हुए हैं।
उनसे पहले मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा, वन मंत्री आनंद सिंह, पर्यटन मंत्री सी टी रवि और बी सी पाटिल में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। उनके अलावा विपक्ष के नेता सिद्धरमैया भी संक्रमित हो गए। येदियुरप्पा और सिद्धरमैया का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है जहां उनकी हालत स्थिर बतायी जाती है।


Download Android App
Download iOS App



