कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खड़गे ने बुधवार बजरंग दल और आरएसएस को लेकर बड़ा बयान दिया है। मंत्री प्रियांक ने दोहराया, अगर राज्य की शांति भंग होती है तो उनकी सरकार बजरंग दल और आरएसएस जैसे संगठनों पर प्रतिबंध लगा देगी, और यदि भाजपा नेतृत्व को यह अस्वीकार्य लगता है, तो वे पाकिस्तान जा सकते हैं।
मंत्री ने कहा कि हमने कर्नाटक को स्वर्ग बनाने का वादा किया है। अगर शांति भंग होती है तो हम विचार भी नहीं करेंगे कि यह बजरंग दल है या आरएसएस है। जब भी कानून हाथ में लिया जाएगा, प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। घोषणा पत्र में किए गए वादे के अनुसार हम बजरंग दल और आरएसएस सहित किसी भी संगठन पर प्रतिबंध लगाएंगे। बेंगलुरु में पत्रकारों से बातचीत करते हुए खड़गे ने आगे कहा कि अगर भाजपा को परेशानी हो रही है तो उन्हें पाकिस्तान जाने दें।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि सरकार हिजाब, हलाल कट और गोवध कानूनों पर प्रतिबंध को वापस लेगी। कुछ तत्व समाज में कानून और पुलिस के डर के बिना खुलेआम घूम रहे हैं। यह ट्रेंड तीन साल से चला आ रहा है। भाजपा को समझना चाहिए कि लोगों ने उन्हें विपक्ष में क्यों बैठाया है। हमने कहा है कि भगवाकरण गलत है। कांग्रेस बसवन्ना के सिद्धांतों का पालन करती है, जिसका पालन सभी कर सकते हैं। बता दें कि प्रियांक खड़गे एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे हैं। उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी को नालायक कहकर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था।


Download Android App
Download iOS App



