राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ‘मेट्रोमैन’ ई. श्रीधरन को केरल विधानसभा चुनाव में भाजपा का उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर सोमवार को केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को 75 साल की उम्र के बाद दरकिनार कर दिया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘पूरे देश का दौरा करने और भाजपा को खड़ा करने वाले आडवाणी और जोशी जैसे नेताओं को 75 साल की उम्र होने पर दरकिनार कर दिया गया तथा उनसे मार्गदर्शक बनने के लिए कह दिया गया। लेकिन अब इसी पार्टी ने केरल में 88 साल के श्रीधरन को टिकट दिया है।’’
वह कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता खड़गे ने यह भी कहा कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के 82 और 84 साल के दो विधायकों को पार्टी में शामिल कराकर टिकट दिया।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा उपदेश कुछ और देती है तथा करती कुछ है।’’ खड़गे ने यह दावा भी किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा विभिन्न समुदायों के बीच विभाजन पैदा कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



