ठाणे : पुलिस ने महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भिवंडी से इस महीने की शुरूआत में अगवा किए गये और बेचने के लिए उत्तर प्रदेश ले जाए गए एक वर्षीय लड़के को बरामद कर लिया और फुटपाथ पर रहने वाले उसके माता-पिता को उसे सौंप दिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुमार आशिक नाम के बच्चे को दो और तीन जून की दरम्यानी रात में उस वक्त अगवा कर लिया गया था जब उसके माता-पिता सो रहे थे।
उन्होंने बताया कि उसके माता-पिता द्वारा एक शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने विभिन्न जगहों पर अपनी टीमें भेजीं और सूचनाओं के लिए अपने स्थानीय नेटवर्क को सक्रिय किया। पुलिस को पहली सफलता हिस्ट्रीशीटर रोहित कोटेकर की 10 जून और बाद में उसके साथी सूरज सोनी की गिरफ्तार से मिली। अधिकारी के अनुसार कोटेकर और सोनी ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि उन्होंने अपना कर्ज चुकाने के लिए बच्चे का अपहरण कर लिया था और उसे उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में नेपाल की सीमा से सटे इकसावदा गांव भेज दिया था।
उन्होंने बताया कि दोनों जल्दी धन कमाने के लिए बच्चे को बेचना चाहते थे। गांव में एक महिला के पास रह रहे बच्चे को मंगलवार को मुक्त करा लिया गया और उसे ठाणे वापस लाया गया। पुलिस अपराध में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



