देश भर में फैले कोरोना वायरस के बढ़ते प्रसार के बीच गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने भरोसा जताते हुए कहा कि राज्य में एक बार फिर कोरोना वायरस महामारी की स्थिति में जल्द ही सुधार होगा और इस वायरस से संक्रमित लोग पूरी तरह से स्वस्थ हो जाएंगे और गोवा जल्द ही संक्रमण मुक्त राज्य बन जायेगा।
स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देश के बाकी हिस्सों में कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि हो रही है और राज्य इससे बच नहीं सकता है।
राणे ने बताया कि राज्य में 46 मरीज अब भी संक्रमित हैं और उनका इलाज किया जा रहा है। राणे ने कहा, “गोवा फिर से संक्रमण के मामलों से मुक्त हो जाएगा। हमारे पास सबसे अच्छी स्वास्थ्य सुविधा है।”
कोविड-19 से संक्रमित सभी मरीजों के ठीक होने के बाद एक मई को गोवा को ग्रीन जोन घोषित कर दिया गया था लेकिन 13 मई के बाद से संक्रमण के नए मामले सामने आने लगे।
हवाईयात्रा की मंजूरी मिलने के बाद हवाईअड्डों पर उम्मीद से कम लोगों के आगमन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “हम लोगों को बता रहे हैं कि यदि गोवा में आपका घर नहीं है तो आप यहां मत आएं। हम पर्यटकों को भी राज्य में आने की अनुमति नहीं दे रहे हैं।” गोवा रेड जोन में है या नहीं, पूछे जाने पर राणे ने कहा कि यह वर्गीकरण करना केंद्र सरकार का काम है। उन्होंने कहा, “हम संक्रमित लोगों का उपचार करने और उन्हें संक्रमणमुक्त करने में व्यस्त हैं।”


Download Android App
Download iOS App



