कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने शुक्रवार को कहा कि उनके नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार अपने पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी और मध्यावधि चुनाव के बारे में कोई भी चर्चा अब “अप्रासंगिक’ है। कुमारस्वामी की यह टिप्पणी उनके बेटे निखिल के एक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आई है जिसमें वह जद (एस) के कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनावों के लिए तैयार होने के लिए कह रहे हैं।
कुमारस्वामी ने एक बयान में कहा कि निखिल ने पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें समाज की सेवा के लिए हमेशा तैयार रहने को कहा। चुनावों के दौरान ही नहीं बल्कि उन्हें हमेशा पार्टी को सक्रिय रखना चाहिए ताकि जब भी चुनाव हो, जीत मिल सके।
कुमारस्वामी ने कहा कि मीडिया द्वारा उनके बयान को संदर्भ से हट कर उद्धृत किया गया है कि चुनाव कभी भी हो सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘गठबंधन सरकार अपने पांच साल का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा करेगी। मध्यावधि चुनावों की कोई भी बात अब अप्रासंगिक है।
गठबंधन सहयोगियों जद (एस) और कांग्रेस के बीच विश्वास की कमी के संकेत देते हुए वीडियो में निखिल पार्टी कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव के लिए खुद को तैयार होने के लिए कह रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को कोई खतरा नहीं है और उनके पिता अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



