कर्नाटक फिल्म उद्योग में मादक पदार्थ सेवन की जांच कर रही केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) ने पूर्व दिवगंत मंत्री जीवराज अलवा के बेटे आदित्य के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। वह फरार है। पुलिस को संदेह है कि अलवा भारत में है और गिरफ्तारी से बचने के लिए छुप रहा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस को संदेह है कि वह देश से भागने की कोशिश भी कर सकता है। इसलिए देश के सभी हवाईअड्डों को उसे गिरफ्तार करने के लिए अलर्ट कर दिया गया है।
सीसीबी के एक अधिकारी ने बताया, ” हमने आदित्य अलवा के लिए लुकआउट नोटिस जारी किया है।” वहीं इस मामले की अलग से जांच कर रही आंतरिक सुरक्षा खंड (आईएसडी) ने भी खेल जगत से इतर कुछ टेलिविजन और फिल्म कलाकारों को तलब किया है। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। आईएसडी के अधिकारियों के अनुसार 67 लोगों को नोटिस जारी किया गया है।
मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो द्वारा बेंगलुरु में मादक पदार्थ से जुड़े मामले में तीन लोगों की गिरफ्तारी के बाद राज्य पुलिस ने फिल्म उद्योग समेत अन्य क्षेत्र की बड़ी हस्तियों के बीच मादक पदार्थ के सेवन की जांच शुरू की है। अब तक सीसीबी 13 लोगों को गिरफ्तार कर चुका है और कम से कम सात लोगों के लिए नोटिस जारी किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



