Madhya Pradesh: कलेक्टर के साथ अभद्र व्यवहार करने पर, बसपा विधायक रामबाई परिहार के खिलाफ मामला दर्ज

Summary :

मध्यप्रदेश के दमोह जिले के पथरिया विधानसभा क्षेत्र से विधायक रामबाई परिहार के खिलाफ दमोह जिले के कलेक्टर ने गाली-गलौज करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।

मध्यप्रदेश के दमोह जिले के पथरिया विधानसभा क्षेत्र से विधायक रामबाई परिहार के खिलाफ दमोह जिले के कलेक्टर ने गाली-गलौज करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कलेक्टर एस कृष्ण चैतन्य की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने परिहार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
कार्रवाई  से पहले विधानसभा से लेनी होगी अनुमति
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) शिव कुमार सिंह ने शनिवार को कहा कि विधायक रामबाई परिहार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 186 (सार्वजनिक कार्यों के निर्वहन में लोक सेवक को बाधित करना), 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 353 (लोक सेवक को कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल प्रयोग), 506 (आपराधिक धमकी) और 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। हालांकि एक पुलिस अधिकारी ने संपर्क करने पर कहा कि परिहार के खिलाफ कार्रवाई करने से पहले उन्हें  विधानसभा से अनुमति लेनी होगी।
कलेक्टर के खिलाफ अश्लील और अभद्र शब्दों का इस्तेमाल
शिकायत के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब विधायक ने अपने निर्वाचन क्षेत्र की कुछ महिलाओं के साथ स्थानीय मुद्दों पर शिकायतों को लेकर कलेक्टर से शुक्रवार को मुलाकात की। इस दौरान परिहार ने कलेक्टर के साथ बदसलूकी की और उनके  खिलाफ अश्लील और अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया। इसके बाद घटना का सोशल मीडिया पर वीडियो भी  वायरल हो गया। इस घटना के बाद सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के कुछ संगठनों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंप  कर घटना का विरोध किया और चेतावनी दी कि यदि बसपा (BSP) विधायक को 7 दिनों के भीतर गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे एक व्यापक विरोध आंदोलन शुरु करेंगे।

Desk Team