MP : बीच सड़क पर छात्रा के साथ छेड़छाड़, विरोध करने पर आरोपी ने बरसाए थप्पड़

Summary :

मध्य प्रदेश से छेड़छाड़ का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। हरदा जिले में छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी ने स्कूल से लौट रही नाबालिग छात्रा के साथ सरेआम मारपीट की।

मध्य प्रदेश से छेड़छाड़ का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। हरदा जिले में छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी ने स्कूल से लौट रही नाबालिग छात्रा के साथ सरेआम मारपीट की। घटना के बाद से खौफ में नाबालिग ने स्कूल जाना ही छोड़ दिया है। वहीं छात्रा के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का वीडियो वायरल हो गया है।
जानकारी के मुताबिक, हरदा जिले के हंडिया थाना अंतर्गत ग्राम अजनास रैय्यत में 19 सितंबर को 10वीं क्लास की नाबालिग छात्रा स्कूल से घर जा रही थी। तभी मनचले आरोपी ने उसको रोककर छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब छात्रा ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसपर थप्पड़ बरसाने शुरू कर दिए। 
खौफ में  छात्रा ने स्कूल जाना किया बंद
इस दौरान आरोपी का ही एक दोस्त वीडियो बना रहा था। इस घटना का छात्रा के दिमाग पर ऐसा असर पड़ा कि उसने स्कूल ही जाना बंद कर दिया। वहीं घटना से खौफ में नाबालिग ने 4 दिनों तक अपने परिजनों को भी इसकी जानकारी नहीं दी। लेकिन जिस दिन उसने घटना कि जानकारी अपने घरवालों को दी घरवाले उसे लेकर हंडिया थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। 


छात्रा ने विस्तार से पुलिस को 19 सितंबर को हुई घटना के बारे में बताया। छात्रा ने कहा कि 19 सितंबर को जब वह स्कूल से घर लौट रही थी तो रास्ते में वेयरहाउस के सामने आरोपी आनंद अपने दोस्त के साथ खड़ा हुआ था। उसने छात्रा को रोक लिया और उसकी सहेलियों को जाने दिया। इसके बाद उसने छात्रा का हाथ पकड़ा और कहने लगा कि मैं तुझसे शादी करना चाहता हूं। 

छात्रा के मुताबिक, आरोपी उसे बाइक पर बैठकर साथ चलने के लिए कह रहा था। वह हाथ जोड़ती रही कि मुझे जाने दो। लेकिन आरोपी बीच सड़क पर उसके साथ छेड़खानी करता रहा। जब विरोध किया तो उसने दो-तीन थप्पड़ भी मारे। छात्रा की शिकायत और मामला बढ़ने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 

Desk Team