महाराष्ट्र में बीजेपी के नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया पर हमला करने के मामले में शिवसेना के आठ कार्यकर्ताओं ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, शिवसेना के 8 कार्यकर्ताओं ने पुणे पुलिस के समक्ष मंगलवार को आत्मसमर्पण कर दिया।
उल्लेखनीय है कि सोमैया ने दावा किया था कि शनिवार को पुणे नगर निगम कार्यालय के परिसर में ‘‘शिवसेना के गुंडो’’ ने उनपर उस वक्त हमला कर दिया, जब वह विशाल कोविड-19 अस्पताल को संचालित करने के अनुबंधों में अनियमितता के आरोपों के सिलसिले में वहां गए थे।
मोदी द्वारा आयोजित ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम के कारण देश में कोरोना का संक्रमण फैला: नवाब मलिक
स्थानीय बीजेपी नेताओं की शिकायत पर पुलिस ने 60 से 70 लोगों के खिलाफ गैरकानूनी तरीके से एकत्र होने, दंगा करने, गलत तरीके से रोकने, नुकसान पहुंचाने, मानव जीवन को खतरे में डालने सहित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया है।
पुलिस निरीक्षक (अपराध) अनिता मोरे ने बताया कि शिवसेना की पुणे शहर इकाई के अध्यक्ष संजय मोरे और सात अन्य ने मंगलवार को शिवाजीनगर पुलिस थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। इस बीच, घटना का एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें सोमैया लोगों द्वारा घेरे हुए दिख रहे हैं और सुरक्षा कर्मियों द्वारा उन्हें कार में ले जाने से पहले वह पुणे नगर निगम परिसर में सीढ़ियों पर गिरते नजर आ रहे हैं।
घटना के बाद सोमैया को शहर के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने कहा कि वह पीठ के बल गिरे थे और उनकी कलाई में भी चोट आई है।


Download Android App
Download iOS App



