राकांपा नेता अजित पवार ने सोमवार को कहा कि राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने उन्हें बुलाया है। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के दो हफ्ते बाद भी सरकार गठन की प्रक्रिया अधर में है। राकांपा विधायक दल के नेता पवार ने आज शाम यहां संवाददाताओं से कहा कि वह इस बात से अवगत नहीं हैं कि राज्यपाल ने उन्हें क्यों बुलाया है।
पवार ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘सोमवार को शाम साढ़े आठ बजे हमारे पास राज्यपाल का फोन आया। उन्होंने मुझे विधायक दल के नेता के तौर पर आमंत्रित किया है। मैं नहीं जानता कि किस कारण से मुझे आमंत्रित किया गया है।’’ शिवसेना द्वारा गैर भाजपा सरकार बनाने के प्रयास को अंतिम समय में झटका लगने के बीच यह प्रगति हुई है। कांग्रेस ने अंतिम समय में घोषणा की कि वह उद्धव ठाकरे नीत पार्टी को समर्थन देने पर राकांपा के साथ और वार्ता करेगी।
बाद में संवाददाताओं से राकांपा के प्रमुख प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा ‘‘समझा जाता है’’ कि राज्यपाल ने उनकी पार्टी को इसलिए आमंत्रित किया है क्योंकि 54 सीटों के साथ वह तीसरी सबसे बड़ी पार्टी हैं।
मलिक ने कहा, ‘‘राज्यपाल हमें जो पत्र देंगे उसके आधार पर हम कांग्रेस से वार्ता करेंगे… हम कल अंतिम निर्णय करेंगे।’’ भाजपा (105) और शिवसेना (56) के बाद राकांपा 54 विधायकों के साथ तीसरी सबसे बड़ी पार्टी है। राकांपा की सहयोगी कांग्रेस के 44 विधायक हैं जबकि 288 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 145 है।


Download Android App
Download iOS App



