महाराष्ट्र की स्कूली शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ ने बुधवार को कहा कि राज्य बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षाओं के संबंध में आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को एक प्रस्ताव भेजा गया है और इस मुद्दे पर कुछ दिन के अंदर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षाएं कराने के सरकार के पहले के रुख में अभी कोई बदलाव नहीं किया गया है।
गायकवाड़ ने कहा, ‘‘हालांकि हमें आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।’’ उन्होंने कहा कि यहां राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस विषय पर विचार-विमर्श किया गया। एक दिन पहले केंद्र सरकार ने कोविड-19 महामारी के मद्देनजर सीबीएसई की 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला किया था।
गायकवाड़ ने कहा कि महामारी के बीच राज्य सरकार के लिए छात्रों की सेहत सबसे पहली प्राथमिकता होगी। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद गायकवाड़ ने संवाददाताओं से कहा कि राज्य बोर्ड की 12वीं की परीक्षाओं के संबंध में एक प्रस्ताव आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को भेजा गया है। प्राधिकरण बैठक करेगा तथा कुछ दिन के अंदर फैसला लिया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



