महाराष्ट्र में बंदरों और कुत्तों के बीच ‘गैंगवॉर’, अब तक 80 पिल्लों की मौत

Summary :

महाराष्ट्र के बीड जिले के लवूल गांव में बंदरों और कुत्तों के बीच गैंगवॉर छिड़ा हुआ है। इस गैंगवॉर में अब तक बंदरों ने 70 से 80 पिल्लों को मौत के घाट उतार दिया है।

महाराष्ट्र से बेहद चौंका देने वाली खबर सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राज्य के बीड जिले के लवूल गांव में बंदरों और कुत्तों के बीच गैंगवॉर छिड़ा हुआ है। इस गैंगवॉर में अब तक बंदरों ने 70 से 80 पिल्लों को मौत के घाट उतार दिया है। हालांकि घटना के पीछे की स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
दरअसल, गांव वालों का कहना है कि लगभग तीन महीने पहले कुत्ते ने बंदर के बच्चों को मार दिया था। इससे बंदर खफा हो गए और उन्होंने कुत्तों को मारना शुरू कर दिया। बंदर कुत्ते को देखते हुए उसे खींचकर ले जाते हैं और मारने के बाद पेड़ या मकानों की छतों से फेंक देते हैं।  
ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों का समूह जहां भी कुत्तों को देखता है वहीं कूद पड़ता है। कुत्तों और बंदरों के बीच हुए झगड़े से पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि हालत यह हो गई है कि गांव में शायद ही कोई कुत्ता बचा है।
सोशल मीडिया पर Dog V/s Monkey गैंगवॉर पर लोगों की प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर कुत्तों और बंदरों के इस गैंगवॉर पर मजाकिया प्रतिक्रिया सामने आ रही हैं। लोग पूरे ट्विटर पर काफी फनी मीम्स बनाकर शेयर कर रहे हैं। किसी ने गैंगवॉर को किसी फिल्म के डायलाग से जोड़ा तो किसी ने वीडियो के साथ एडिट करते हुए मीम्स बनाए। 


हालांकि ग्रामीणों ने वन विभाग को इसकी जानकारी दे दी है। बंदरों ने सड़क पर चलने वाले लोगों पर भी कई बार हमला किया है। वन विभाग ने पिंजरे में कुछ बंदरों को कैद किया है। लेकिन लोगों का कहना है कि इसका स्थायी समाधान ढूंढ़ना जरूरी है।

Desk Team