ब्रिटेन से हाल में गुजरात आया 45 वर्षीय एक प्रवासी भारतीय और एक किशोर कोविड-19 के ओमीक्रोन स्वरूप से संक्रमित पाए गए हैं। इसी के साथ राज्य में ओमीक्रोन संक्रमण के मामलों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि ब्रिटेन से 15 दिसंबर को आने के बाद प्रवासी भारतीय की यहां अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आरटी-पीसीआर जांच की गई थी, जिसमें उसके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। आणंद जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम टी छारी ने कहा, ‘‘व्यक्ति का नमूना बाद में ओमीक्रोन स्वरूप से संक्रमित पाया गया।’’
डॉ. छारी ने बताया कि उसे अहमदाबाद से राज्य के आणंद शहर जाना था, ‘‘लेकिन कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद उसे हवाई अड्डे के अहमदाबाद सिविल अस्पताल ले जाया गया। मरीज का अहमदाबाद सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है।’’ अधिकारी ने कहा कि उसके सह-यात्री और उसके संपर्क में आए अन्य लोग संक्रमित नहीं पाए गए हैं। वहीं, गांधीनगर के निगमायुक्त धवल पटेल ने कहा कि ब्रिटेन से लौटा गांधीनगर का 15 वर्षीय एक लड़का भी शनिवार को ओमीक्रोन से संक्रमित पाया गया।


Download Android App
Download iOS App



