महाराष्ट्र में कोविड-19 कार्यबल ने एहतियात का पालन करते हुए प्रतिबंधों में और राहत देने की संभावनाओं पर विचार किया और महामारी की तीसरी लहर की आशंका के मद्देनजर चिकित्सकीय ऑक्सीजन की जरूरत और टीकाकरण अभियान में तेजी लाने पर जोर दिया। कार्यबल की सोमवार शाम में हुई बैठक में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, राज्य के मुख्य सचिव सीताराम कुंटे और कोविड-19 कार्यबल के प्रमुख डॉक्टर संजय ओक तथा अन्य सदस्यों ने हिस्सा लिया।
बैठक में शामिल हुए एक अधिकारी ने बताया, ‘‘डॉक्टरों, विशेषज्ञों और सरकारी विभागों से प्राप्त विभिन्न सुझावों के बाद राज्य सरकार नए दिशानिर्देश की तैयारी कर रही है। बैठक का फोकस इस बात पर था कि एहतियात का पालन करते हुए आगे प्रतिबंधों में और किस तरह की छूट दी जा सकती है।’’
उन्होंने बताया कि सरकार उन क्षेत्रों को सूचीबद्ध कर रही है, जहां और राहत दी जा सकती है। उन्होंने बताया कि कार्यबल ने संभावित तीसरी लहर की आशंका के मद्देनजर महामारी से निपटने की तैयारियों, चिकित्सकीय ऑक्सीजन की जरूरत, टीकाकरण अभियान में तेजी, संक्रमण के मामलों का प्रभावी तरह से पता लगाने से लेकर संक्रमण के प्रसार को रोकने जैसे उपायों पर चर्चा की।
राज्य सरकार ने पिछले सप्ताह कोविड-19 प्रतिबंधों में दी गई छूट से मॉल, सिनेमाघरों, धार्मिक स्थलों और धार्मिक जमावड़े को बाहर रखा था। राज्य सरकार ने 25 जिलों में रात आठ बजे तक दुकानों को खोलने की इजाजत दे दी थी, जबकि 11 जिलों में उच्च संक्रमण दर की वजह से स्तर-तीन के प्रतिबंध बरकरार रखे गए। सोमवार को महाराष्ट्र में कोविड-19 के 4,505 नए मामले सामने आए और 68 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 63,57,833 और मृतक संख्या बढ़कर 1,34,064 हो गई।


Download Android App
Download iOS App



