महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरीश महाजन ने कथित रूप से कहा है कि राज्य में विधानसभा चुनाव 10 या 13 अक्टूबर को कराए जा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि 10 अथवा 15 सितंबर से राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू की जा सकती है।
दिलचस्प बात यह है कि राजस्व मंत्री और मंत्रिमंडल में नंबर-दो माने जाने वाले चन्द्रकांत पाटिल ने जून में भविष्यवाणी की थी कि राज्य में 15 अक्टूबर से 20 अक्टूबर के बीच चुनाव कराए जा सकते हैं।
नासिक जिले के अधिकारियों ने गिरीश के हवाले से कहा, ‘विधानसभा चुनाव 10 अक्टूबर अथवा 13 अक्टूबर को कराए जा सकते हैं। 10 अथवा 15 सितंबर को आदर्श आचार संहिता लागू हो सकती है।’ अधिकारी जिला योजना समिति की उस बैठक में मौजूद थे जिसे गिरीश ने संबोधित किया।
हालांकि इस बारे में जानकारी के लिये जब मंत्री से संपर्क किया गया तो उन्होंने कॉल अथवा संदेशों का जवाब नहीं दिया।
नासिक के प्रभारी मंत्री महाजन ने यह भी कहा कि सरकार सूखा ग्रस्त मराठवाड़ा इलाके में 30 जुलाई के बाद कृत्रिम बारिश के उपाय अपनाने का प्रयास कर सकती है।
महाराष्ट्र में 2014 में 13वीं विधानसभा के लिये चुनाव हुए थे जिसमें भाजपा-शिवसेना ने 1999 से सत्तासीन कांग्रेस नीत संप्रग सरकार को हराया था। भाजपा ने 288 सदस्यीय विधानसभा में 122 सीटें जबकि शिवसेना ने 63 सीटों पर जीत हासिल की थी।


Download Android App
Download iOS App



