Maharashtra Nashik Car Accident: महाराष्ट्र के नासिक जिले के दिंडोरी तालुका से एक बड़ी दुखद खबर सामने आई है। शुक्रवार देर रात एक बहुत ही दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उनकी मारुति XL6 कार अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे पानी से भरे गहरे कुएं में जा गिरी। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
कैसे हुआ हादसा?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दरगुडे परिवार एक कार्यक्रम से वापस अपने घर लौट रहा था। रास्ते में अचानक ड्राइवर का नियंत्रण बिगड़ गया और गाड़ी सीधे कुएं में जा गिरी। इस हादसे में एक ही परिवार के कई लोगों की जान जाने से पूरे गांव और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया है। इस दुखद हादसा में जान गंवाने वालों में 6 बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें एक 7 साल की बच्ची भी थी। इसके अलावा सुनील दरगुडे, उनकी पत्नी और उनकी बेटी की भी इस हादसे में जान गई है। कार के अंदर से एक ही परिवार के 9 लोगों के शव बरामद किए गए हैं।
मृतकों की पहचान इस प्रकार है:
1. रेश्मा सुनील दरगुडे (27)
2. आशा अनिल दरगुडे (32)
3. खुशी उर्फ सृष्टि अनिल दरगुडे (14)
4. श्रेयस अनिल दरगुडे (11)
5. राखी उर्फ गुणवंती सुनील दरगुडे
6. श्रावणी अनिल दरगुडे (11)
7. समृद्धि राजेंद्र दरगुडे (7)
8. माधुरी अनिल दरगुडे (13)
9. सुनील दत्तू दरगुडे (32)
पुलिस कार्रवाई शुरू
पुलिस ने इस घटना को लेकर जानकारी दी है। बता दें कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग नासिक जिले के डिंडोरी तालुका के इंदौर गांव के रहने वाले थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से कार और सभी शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। डिंडोरी के सरकारी अस्पताल में सभी शवों को ले जाया गया है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर आगे की क़ानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।






















